नरेंद्रनगर विधानसभा को बड़ी सौगात
देहरादून। नरेंद्रनगर-किनवाणी-बड़कोट-पटेर-कडीर-नीर-कुंडी-ब्यासी-नीरगड्डू वाटर फॉल मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु 1868.19 लाख (लगभग 18.68 करोड़) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। शासनादेश के अनुसार इस परियोजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किश्त के रूप में कुल स्वीकृत धनराशि का 40 प्रतिशत यानी 747.27 लाख (लगभग 7.47 करोड़) अवमुक्त किए जाएंगे। कार्य का क्रियान्वयन लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। लगभग 8 से अधिक गांवों एवं कई पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह मोटर मार्ग नरेंद्रनगर विधानसभा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। सड़क के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही कुंभ मेला 2027 के दौरान ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
शासन द्वारा जारी निर्देशों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया है। परियोजना के अंतर्गत थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण, निर्माण सामग्री की प्रयोगशाला जांच, समयबद्ध निर्माण कार्य, उचित जल निकासी व्यवस्था, ड्रेन निर्माण एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा नरेंद्रनगर विधानसभा में सड़क संपर्क, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
