सहयोग केंद्र के रक्तदान शिविर में 35 यूनिट रक्त संग्रहित
देहरादून। समाज कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सहयोग केंद्र द्वारा लक्ष्मी नारायण मंदिर, ओली रोड, रायपुर, देहरादून में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन हिमालयन हॉस्पिटल ब्लड बैंक द्वारा किया गया। शिविर में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली, जिसमें कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंदों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस आयोजन में ग्राम उत्थान एवं संगठन समिति का सक्रिय सहयोग रहा, जिनके सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया और पूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, सचिव विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय भारद्वाज, संस्थापक सदस्य राधे श्याम शर्मा सहित अन्य सदस्य प्रदीप शर्मा, आलोक कौशिक, मनोज शर्मा, विश्वनाथ गौर, बृजेश गौर, आशीष शर्मा, महेश वर्मा, शैलेन्द्र भृगु, अतुल शर्मा एवं योगेश शर्मा उपस्थित रहे।
शिविर की सफलता में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए न केवल रक्तदान किया, बल्कि अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। इसमें वैभव गौर, कार्तिक गौर, रचित गौर, शांतनु भारद्वाज, कृष्ण ठाकुरी और कृष्ण कौशिक सहित कई युवा स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष, सहयोग केंद्र रवि कांत शर्मा ने कहा, “सहयोग केंद्र वर्ष 2017 से कैंसर मरीजों के कल्याण और सहयोग के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। रक्तदान जीवन बचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और हम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से करते रहेंगे।” यह शिविर न केवल सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है, बल्कि स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को भी रेखांकित करता है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में सहायक है। इस अवसर पर सहयोग केंद्र के अन्य सदस्य अमित ढौंडियाल, मनीष पाल, रूपेश बरनवाल और संचीत पुरी भी उपस्थित रहे।
