उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी
देहरादून। प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज तल्ख है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं बीती रात गंगोत्री धाम में बर्फबारी शुरू हो गई है।
गौर हो कि उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हुए हैं। जबकि पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। वहीं देहरादून मौसम विभाग ने उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ होने की संभावना जताई है। जबकि 3000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है। राज्य के हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि व झक्कड़ (50-60 किमी प्रति घंटा तक) चलने का पूर्वानुमान जताया है।
जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा,बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने व झोंके दार हवाएं ( 40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना जताई है। उत्तराखंड के बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। जबकि राज्य के पवातीय जनपदों में कहीं-कहीं बारिश का तीव्र दौर होने की संभावना जताई है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सचेत रहने की अपील की है।देहरादून में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।
कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ हो सकती है , ओलावृष्टि व झोंके दार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 23 डिग्री सेल्सियस तथा 13 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक रहा। तापमान पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अत्यंत नीचे से लेकर सामान्य रहा।
नवरात्र के पहले दिन बदला मौसम, मसूरी-नैनीताल में बारिश
देहरादून। नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों में सुबह से हल्की वर्षा हुई है। मैदानी क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर, कोटद्वार में बारिश हुई। वहीं पूरे राज्य में मैदान से पहाड़ तक बादल छाए रहें।
कई पहाड़ी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से हल्की बारिश होने से ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड बढ़ने के चलते लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।गुरुवार तड़के करीब तीन बजे से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। इसके बाद सुबह करीब छह बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो रुक-रुककर जारी रही। हिमालयी क्षेत्रों में मौसम विभाग ने हिमपात की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
