भद्राज ट्रेकिंग रूट पर रास्ता भटके 10 युवक, जंगल से पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान

विकासनगर। प्रसिद्ध भद्राज मंदिर ट्रेकिंग रूट पर पहाड़ियों और जंगलों के बीच फंसे 10 युवकों का पुलिस ने रेस्क्यू किया है। ट्रेकिंग पर गए युवक रात में रास्ता भटक कर जंगल में फंस गए थे। जिनका पुलिस ने रेस्क्यू कर जान बचाई है। दरअसल, बीती 5 फरवरी की रात को सहसपुर थाने को एक सूचना मिली थी। जिसमें बताया गया कि करीब 10 लोग भद्राज ट्रेकिंग पर गए हैं, जो रात में अंधेरा होने के कारण अपने ट्रेकिंग रूट से भटक कर जंगल में खो गए हैं। उन्हें रास्ते का कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है।
इस सूचना पर सहसपुर कोतवाली में रेस्क्यू टीम गठित की गई। फिर जंगल में भटके लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव उपकरणों के साथ टीम भद्राज ट्रेकिंग रूट के लिए रवाना हुए। पुलिस की टीम ने कोटी गांव पहुंचकर वन विभाग के बीट अधिकारी और ग्रामीणों का सहयोग लिया। देर रात सर्च अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद भद्राज जंगल ट्रेक से 10 युवकों का सफल रेस्क्यू किया गया। सभी को रात में कोटी गांव से करीब तीन किलोमीटर ऊपर जंगल में सर्च अभियान के दौरान सकुशल बरामद किया। फिर नीचे लाकर सभी युवकों को उनके गंतव्य के लिए भेजा गया। उपनिरीक्षक सहसपुर नीरज त्यागी ने कहा कि पुलिस को 112 के जरिए सूचना मिली थी कि भद्राज ट्रेक के जंगल में 10 युवक रास्ते भटक गए हैं। जिस पर सहसपुर से पुलिस की टीम मौके पर रवाना हुई। जहां 10 लोगों का जंगल से सफल रेस्क्यू किया गया है।
बता दें कि पहाड़ों की रानी मसूरी से करीब 15 किमी की दूरी पर भगवान भद्रराज का मंदिर मौजूद है। यह मंदिर भगवान कृष्ण के छोटे भाई बलभद्र को समर्पित है। माना जाता है कि भगवान बलराम ने इसी जगह पर एक राक्षस का वध किया था। साथ ही स्थानीय चरवाहों के साथ पशुओं को भी चराया था।

रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान

अभिषेक चौहान (उम्र 29 वर्ष) निवासी- विकासनगर
हेमंत (उम्र 26 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
प्रिंस (उम्र 18 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
शिवम (उम्र 18 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
अर्चित (उम्र 18 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
सक्षम घई (उम्र 23 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
मयंक राय (उम्र 19 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
शिवाशु (उम्र 18 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
हर्षित (उम्र 16 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून
उज्जवल (उम्र 18 वर्ष) निवासी- प्रेमनगर, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *