भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने स्पीकर अग्रवाल से भेंट की

ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल के निजी आवास ऋषिकेश में आज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूडी ने विधानसभा अध्यक्ष एवं उनकी धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल को विगत दिनों ऋषिकेश मे भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में उपस्थित हुई महिला पदाधिकारियों को गंगा आरती के दौरान भव्य स्वागत समारोह आयोजित कराने पर सम्मानित किया।
विधायक ऋतु खंडूडी ने कहा कि ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में हुई गंगा आरती का दृश्य अत्यंत मनमोहक था उन्होंने कहा कि इन तमाम व्यवस्थाओं में विधानसभा अध्यक्ष ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।यमकेश्वर की विधायक ने कहा है कि भारतीय संस्कृति मे गंगा आरती का विशेष महत्व हैस भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में पहुंची देश भर की महिला पदाधिकारियों ने त्रिवेणी घाट में हुई गंगा आरती की भूरी भूरी प्रशंसा की है और गंगा आरती के पश्चात ऋषिकेश से अभिभूत होकर वापस लौटी हैं।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा है कि उत्तराखंड प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है कि देहरादून में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई।उन्होंने कहा है कि देव भूमि उत्तराखंड के प्रति हर व्यक्ति आकर्षित होता है ऐसे में त्रिवेणी घाट, ऋषिकेश में गंगा आरती में पूरे देश भर की महिला पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया यह हम सब लोगों के लिए सौभाग्य का विषय है।उन्होंने भविष्य में भी संगठनात्मक कार्यों को सहयोग देने की बात कही।