नदी के तेज बहाव के चलते अठुरवाला क्षेत्र में भू-कटाव
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में मानसून सीजन में इस वर्ष हो रही अत्यधिक वर्षा से आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है। विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार रात्रि से हो रही वर्षा के चलते भूमि कटाव, भूस्खलन व खस्ताहाल मार्ग की घटनाएं सामने आई हैं। जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी है। नगर पालिका के वार्ड 9 के सभासद प्रदीप नेगी ने बताया कि जाखन नदी में तेज बहाव के चलते अठुरवाला क्षेत्र की काफी भूमि में कटाव हो गया है।
इसके साथ ही तेज बारिश के चलते सिंचाई गुले व सिंचाई पाइप भी पानी के बहाव में बह गए हैं। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी से शिकायत की। जिस पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर सनगांव मार्ग में पेड़ गिरने और भूस्खलन के चलते दिन भर मार्ग अवरुद्ध रहा।
ग्राम प्रधान हेमंती रावत ने बताया कि अवरुद्ध मार्ग से ग्रामीणों ने पेड़ को काटकर आवाजाही को सुचारु किया और मार्ग को आवागमन के लायक बनाया। वहीं बुल्लावाला क्षेत्र में भी राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से आये बरसाती पानी ने गढ़वाली कॉलोनी में जमकर नुकसान पहुंचाया। साथ ही बुल्लावाला मुख्य मार्ग में भी कटाव देखने को मिला।क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र तड़ियाल ने प्रशासन से मांग की कि पार्क क्षेत्र से आने वाले बरसाती पानी को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए पक्के पुश्ते निर्माण किए जाए। जिससे कि ग्रामीणों को राहत मिल सके। वही तहसील क्षेत्र में विभिन्न घटनाओं का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने भी क्षेत्र का भ्रमण किया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को हमेशा चैकन्ना रहकर हर गतिविधि पर नजर रखने वह जरूरतमंद की मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश और लैंडस्लाइड के चलते कई मार्ग बंद हैं। सड़कें बंद होने की वजह से आम जनता को भी परेशानी हो रही है। किसानों को खासकरके नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही अब पीने के पानी की भी समस्या खड़ी है रही है।
